Monday, December 17, 2012

परोपकार: सबसे बड़ा धर्म

परोपकार:  सबसे बड़ा धर्म 

कुछ दिन पूर्व एक लघु कथा पढ़ी थी, जो मेरे दिमाग में बैठ गयी है, सोचती हूँ आप सब के साथ साझा करूं।

 एक कॉफ़ी शॉप थी, वहां हर रोज दसियों लोग कॉफ़ी पीने आते थे, कोई अपना पूरा मग ख़तम कर के जाता तो कोई कॉफ़ी में नुक्स निकाल आधी पी के चला जाता। इसी तरह एक दिन एक व्यक्ति आया और एक कोने में जाकर बैठ गया। उसने 2 कप कॉफ़ी का आर्डर दिया। कॉफ़ी शॉप छोटी थी, तो मालिक स्वयं ही कॉफ़ी सर्व करता था। उसने अपने डेस्क से ही बैठे-बैठे पूछ लिया, भाईसाहब कहीं मैंने गलत तो नहीं सुना, आपने 2 कप कॉफ़ी का आर्डर दिया है। उसने कहा नहीं सर, आपने सही सुना है, मैंने 2 कप का ही आर्डर दिया है, पर मेरी एक रिक्वेस्ट है, एक कप कॉफ़ी हाथ में, और दूसरी एक पर्ची में दे दीजियेगा ....

   यह बात सुनकर शॉप का मालिक मंद-मंद मुस्कराते हुए सोचने लगा, जरूर किसी सनकी ने  आज जगह हथिया ली है, खैर मुझे तो पैसे मिल जायेंगे। कॉफ़ी आई और उसने चुस्की ले कर अपनी कॉफ़ी ख़तम की और जिस जगह वह बैठा था, वहां पर बची 1 कॉफ़ी की स्लिप लगा कर चला गया। सर्दी का मौसम था, कॉफ़ी पीने वालों की तादाद बढती जा रही थी। खैर, वह आदमी अगले दिन फिर कॉफ़ी की शॉप में आया, पर साथ में आज एक और साथी के साथ आया, इस बार उन्होंने 4 कॉफ़ी का आर्डर दिया और ये सुनिश्चित किया कि उसकी एक पुरानी स्लिप वहां दीवार पर लगी हुई है कि नहीं ... फिर उन दोनों मित्रों  ने मिलकर अपनी 1-1 स्लिप फिर दीवार में चिपकाई और वहां से चल दिए। इस तरह ये सिलसिला चलता रहा, और कुल मिलाकर उस आदमी ने करीब 20-30 स्लिप दीवार में चिपका दी। शॉप में कप धोने वाला एक आदमी इस बात को हर रोज बड़ी बारीकी से देख रहा था, उसने एक दिन शॉप के किनारे रखे कूड़ेदान के पास बैठे आदमी को एक कप कॉफ़ी पिलाई और दीवार में लगी एक स्लिप निकाल के कूड़ेदान में डाल दी। वहां वो आदमी हर रोज एक के बदले 2 कप कॉफ़ी का आर्डर देता रहा, और यहाँ कप धोने वाला 1-1 स्लिप का सदुपयोग करता रहा। इस तरह उस शॉप में अब लोगों ने एक के बदले 2 कप कॉफ़ी का आर्डर देना शुरू कर दिया, और रास्ते में चलता कोई भी गरीब उस शॉप में घुस कर बेधड़क अपने लिए एक कॉफ़ी का आर्डर देता और एक स्लिप कूड़ेदान में फेंककर आगे निकल जाता ......

कहानी का सार है परोपकार करना जीवन का सर्वोत्तम धर्म है, जिसे छिछोरी भाषा में कह सकते हैं, नेकी कर दरिया में  डाल। होने को ये उक्ति यहाँ फिट नहीं बैठती पर कुछ लोग इस तरह की भाषा ज्यादा अच्छे से समझते हैं। वह आदमी 2 कॉफ़ी की कीमत अफोर्ड कर सकता था, तो उसने किया। अपने साथ उसने एक अनजान व्यक्ति को ठण्ड के मौसम में थोड़ी राहत दी। वह आदमी मुझे एक पेड़ की तरह लगने लगा है, जो सर्दी, गर्मी, बरसात में खुद कष्ट सहता रहता है, और फल देता रहता है। स्लिप निकाल के कॉफ़ी पीने वाला आदमी उस फल का अधिकारी है। अंग्रेजी में Cecil .F. Alexandar ने एक कविता लिखी है, All things bright and beautiful..... इस कविता की 1 पंक्ति मुझे बरबस याद आती है ...  

The rich man in his castle,
The poor man at his gate,
He made them, high or lowly,
And ordered their estate.

मेरी मम्मी कहतीं हैं कि आदमी के जीवन मैं 50 % हाथ उसकी मेहनत और 50% हाथ किस्मत का होता है और यह सही भी है। यह बात सच है कि आदमी अपने कर्मो से भी राज और रंक बनता है, पर ऊपर वाले की भी इसमें एक महत्वपूर्ण भूमिका होती है, हर आदमी की रचना उसी के हाथ में निहित है। जब हम ऊपर से ही निर्धारित होकर आये हुए हैं, तो धरती में अपनी भूमिका को नकारना नहीं चाहिये। अगर हम किसी निर्धन के जीवन में किसी भी पॉजिटिव तरीके से धन आने का कारण बन सकते हैं, तो वो कारण बनने से चूकना नहीं चाहिए। क्योंकि ना जाने किस भेष में बाबा, छुपा हुआ है भगवान ... हो सकता है हम उस गरीब के जीवन में भगवान की तरह हों, पर साथ में हमें भी ये देखना चाहिए कि हर गरीब के भेष में भगवान छिपा हो सकता है। 
इसलिए कोई भी काम करने से पहले ये जरूर देखना चाहिए कि किसी भी कार्य के जरिये परोपकार किया जा सकता है, उसके लिए धनराशि ही नहीं मन में श्रद्धा और त्याग का होना भी जरूरी है .....

Wednesday, December 12, 2012

स्त्री का जीवन; असंख्य बदलाव, अनगिन भावनाएं

स्त्री का जीवन; असंख्य बदलाव, अनगिन भावनाएं 

बहुत दिनों  से सोच रही थी कि कुछ लिखूं, पर समय मिल नहीं पा रहा था।मुझे याद है मैंने बचपन में कहीं सुना था कि जब बेटियाँ जनमती हैं, तो उनका नामकरण संस्कार बड़ी ही ख़ामोशी से मनाया जाता था। पता नहीं ऐसा क्यों करते थे लोग, क्या उनके घर की बेटियां गुमनाम जीवन जीने के लिए पैदा होती थी ?
मम्मी कहती हैं जब तनु ( मेरी बड़ी बहन ) पैदा हुई थी तो जलसा हुआ था। अपनी बारी का तो मुझे पता नहीं। पर इतना जरूर याद है और मरते दम तक याद रहेगा कि  नानी, मामा, मौसी हर साल मेरे जन्मदिन पर मार्कंडेय जी की पूजा करवाते थे, जो मूलतः बेटों के ही जन्मदिवस पर ही लोग करवाते थे। ये पूजा अब हम अपने बेटे के जन्मदिवस/ जन्मतिथि वाले दिन जरूर करवाते हैं। कहते हैं मार्कंडेय जी आयुवृद्धि  का वरदान देते हैं।
  बात असल में यह है कि स्त्री मूलतः दो रूपों में पहचानी  है,  एक बेटी के रूप में, दूसरी पत्नी के रूप में। बेटी के रूप में चंचल, अल्हड, मदमस्त- सा जीवन होता है उसका, पर पत्नी बनते ही जिम्मेदारियों का पहाड़ धीरे-धीरे उस पर आने लगता है। मुझे याद है अपने अविवाहित जीवन में मैंने कभी-कभार ही गृह संबंधित कोई कार्य किये होंगे, पर विवाह के बाद रसोई और मेरा तो इस जनम से नाता ही जुड़ गया है। बेटी बन कर अपने माँ-पापा के संघर्षपूर्ण जीवन को एक दर्शक के नज़रिए से देखती थी, पर आज जब खुद उसी पायदान पर खड़ी हूँ, तब समझ आता है, जिंदगी तुम्हारे कितने नूतन रूप हैं। मैं ऐसा बिलकुल भी नहीं कह सकती कि प्रतिदिन मेरे जीवन में कोई न कोई परिवर्तन आता है, पर हाँ, सुधार की गुंजाइश जरूर रखती हूँ। जब माँ-पापा के साथ थी, तब सही में कोई गंभीरता नहीं थी, जीवन के प्रति, जो रास्ते में आया, या तो अपना लिया या ठोकर मार दी, ये ही दो नियम थे, कभी तीसरा विकल्प सोचा ही नहीं कि सहेज के भी रखा जा सकता है।
 करीब 10 सालों से मैं विवाहित हूँ, पर अब जब खुद पलट के देखती हूँ तो एक औरत के रूप में जीवन अलग ही दिखलाई देता है। मुझे आज भी सबसे बड़ी चिंता खाने-पीने को लेकर ही होती है, कि खाना क्या बनाना है। मेरे घर के लोग सही से खा-पी लें, ये ही मेरी प्राथमिकता होती है। जीवन हम सभी को बहुत कुछ सिखाता है। पहले शादी को लेकर उत्साह रहता है, फिर अपने साथ दूसरे व्यक्ति के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी बढ़ जाती है और जब हम एक जिम्मेदारी निभा पाने में सफल हो जाते हैं तभी तीसरे सदस्य के आने की तैयारी हम सभी करते हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि पति-पत्नी शादी के कुछ सालों के बाद ही एक पूर्ण परिवार की ओर अग्रसर हों, जिससे अपने रिश्तों को प्रगाढ़ रूप दिया जा सके।
उम्र बढ़ने के साथ ही रिश्ते भी नए-नए रूप लेते हैं। पति-पत्नी जब अकेले होते हैं, तो उनके बीच में खटपट होनी भी लाजमी है, क्योंकि एक छत के नीचे दो समान उम्र के लोगों का निवास होता है, और वहां पर भी 'सर्वाइवल ऑफ़ द फिटेस्ट'  की बात होती है, पर यहाँ जीवन अपना प्रभुत्व बना के नहीं, दोनों की परस्पर इच्छाओं का सम्मान करके सफल होता है। एक स्त्री जब पत्नी से आगे बढ़के एक माँ बनती है, तो एक अनजान ताकत उसके अन्दर कितने सारी नयी अनुभूतियाँ डाल देती  हैं, जिसका आंकलन/ अनुभव एक पुरुष के लिए कर पाना सच में एक मिस्ट्री ही है। फिर ये झगड़े और खटपट विष-वमन की तरह हम पी लेते हैं, या इसे अन्यथा (इग्नोर) कर देते हैं क्योंकि घर का माहौल ख़राब न हो। माँ बनते ही, ममत्व सबसे पहले आता है, और फिर आती है त्याग की भावना।  लगता है जीवन का ये नियम है कि ममत्व को जिलाए रखने के लिए त्याग अवश्यम्भावी है। अपने छोटे से  बच्चे को खुश रखने के लिए माताएं  कभी अपना निवाला बीच में से छोड़ के उठती हैं, तो कभी रात में सोते हुए बच्चे को चुप कराने के लिए अपनी नींद त्याग देती हैं, इसे कहतें हैं समय की पुकार ... जब किसी के प्रति प्रीति रखनी हो, तो उसके लिए स्नेह और त्याग रखना भी जरूरी है, विश्वास तो एक शर्तिया शब्द है, क्योंकि यही दो भावनाएं ऐसी हैं, जो किसी दो व्यक्ति को आपस में जोड़ के रखती है।
  स्त्री को धैर्य की प्रतिमा भी कहते हैं। प्रतिमा को अहिल्या शब्द से भी जोड़ा जा सकता है। अहिल्या ने अपने श्राप से मुक्ति पाने के लिए प्रतिमा का रूप ले लिया और फिर उसे श्रीराम द्वारा सदगति मिली। परिवार को सुदृढ़ रखने के लिए धैर्य प्रबल तत्त्व है। वह धैर्य परिवार के विकास में मील का पत्थर साबित होता है। बच्चे की किलकारी के लिए धैर्य, उसके चलने-उठने-गिरने से लेकर उसे एक सफल व्यक्ति तक परिणत करने का धैर्य एक सतत प्रयास है, जीवन की उन सभी इच्छाओं पर एक नियंत्रण रखने का जो विचलित होने पर मार्ग से भ्रमित कर सकती हैं।

आगे बाद में .....  

Monday, September 3, 2012

सीता

सीता

क्यों डरतें हैं लोग सीता के नाम से,
नाजुक, भोली, सलोनी सीता के काम से,
मनमोहिनी, वीरांगना  देवी के भाम से,
समर्पित रही सदा जो प्रेमाभिराम से।

बेटी बनी जनक की, जब धरती की गोद में थी,
पाया दुलार घर का, खुद मात वो जग की थी
खेली वो खंजनो से, ममतामयी थी नारी,
होती रही प्रतिष्ठित हर सुखों की अधिकारी

माता का साथ छोड़ा , पिता की छाँव त्यागी,
थामा जो हाथ राम का, बनी राम की सौभागी
सखियों को पीछे छोड़ा, बहनों के साथ आई,
अपने साथ रघुकुल में सबको जोड़ लायी,
ऐसी हमारी सीता, जो जनकपुर से आई।

सास की प्राणप्यारी, पति राम की थी छाया,
बाबुल का आँगन छोड़ा,मन ससुराल में रमाया
घर-बार, पेड़-पौधे, बस प्राण में निरंतर,
सब में बसी रही वो हर क्षण- प्रत्यंतर।

कोमल सुकुमारी ने पति का हाथ थामा,
महलों का राज छोड़ा, पत्नी का धर्म धारा, 
पीछे न मुड़के देखा, जो आराम का था जीवन,
संग धूल -कंटकों के बांधा था अपना यौवन।

पीछे रही पति के, उनकी ही राह थामी
चलती रही वो ऐसे, जैसे हो अनुगामी,
इतना सरल, संयमित जिसका था ऐसा जीवन
धरती की बेटी सीता, जिसको नमन करें हम

रावण जो छल से हरके, लंका में उनको लाया
रोती रहीं विरह में, मन को कुछ न हर्षाया,
तृणओट में रही वो, जपती रही निरंतर
मन में रहो हमारे, तुम शूरवीर रघुवर।

उनके कठोर तप से, रावण भी था कांपा
अपनी मृत्यु की आहट को उसने भी था भांपा
करता रहा वो दूर से सीता पे अत्याचार
कर लेता काश वो इस कर्म पे विचार।

रावण समेत लंका को राम ने हराया
सीता को फिर से पाया, औ' ह्रदय से लगाया
तुम बिन मैंने हर पल ये, युग-युगांतर से बिताए
मेरे बिना इस लोक में, तुम कैसे रही थी हाय!

फिर से चले वो वापस, अयोध्या के धाम सारे,
संग साथी बंधु- बांधव मिले मात को दुलारे,
हुए आंसुओं से सबके पद पखार प्यारे
मिली मात संग सीता, कितनों के वारे- न्यारे।

ऐसी थी अपनी सीता, जो प्रभु पद में स्वयं रमाया,
देखा न उनके आगे, न अपनी शक्ति को था ध्याया,
चुप-चाप बनके भोली, सलोनी राम की
जीवन बिताया अपना जोड़ी नयनाभिराम-सी। 

।। बोलो रामप्यारी सीता मैया की जय।।

    

Wednesday, August 15, 2012

*मैं तो आज़ाद हूँ *

मैं आज़ाद हूँ धर्म की रूढ़िवादिता से,
मैं आज़ाद हूँ इन रीतियों से, रिवाजों से 
मेरे मन का पंछी उड़ता है,
ऊँचे ख्वाबों के गगन में,
लहराता है अपने सपने,
खुश होता है छोटी-सी मुस्कान पा के,
बताता है अपनी चाहतों की मंजिल,
उनपे चढ़ता है, फिसलता है, उतरता है,
और फिर मंजिल हासिल करता है,
अपनी मुट्ठी में बंद कर के,
आज़ाद हूँ मैं वो सब पाने को,
जो सब मेरा है, मेरे दिल का है...

 तुम भी अपनी आज़ादी पहचानो,
 उड़ो, घूमो, कहकहे लगाओ,
 न करो गुलामी किसी की, न ही किसी सेठ की, न बॉस की 
 सच कहो, सच सुनो,
 आज़ाद रहो हर बंधन से,
 न होगे निराश, न ही कोई आस,
 रखो किसी से कोई ख़ास,
 उड़ पाओगे, अपने घोंसले से जुड़ पाओगे,
  हर बंधन से, 
  सुनो, सीखो और अमल करो,
इंसानियत से, पुरुषार्थ से,
जीवन सफल बनाओ,
फिर आज़ाद हो हरि की शरण में जाओ ।

Thursday, July 26, 2012

मौत

मौत

मौत तुम एक छलावा हो,
सिर्फ कुछ सेकंड में जीवन ले जाती हो
जिंदगी जीने के लिए जीवट चाहिए,
तुम में वो माद्दा ही नहीं

तुम कर जाती हो सबको स्तब्ध,
इंसान से जुड़े लोगों को कर निशब्द,
मृत शरीर को देख रोते-बिलबिलाते कुछ लोग,
अपने पीछे छोड़े जाती हो एक मनहूस सी शांति

 क्या सोचती हो, पता है कितने कर्म करने पड़ते हैं,
 चलते रहना होता है जीने के लिए
बिना थके-हारे साँसों को समेटे,
खुद के लिए, कुछ अपनों के लिए
अपने वजूद को बचाए रखना होता है।

इस भागमभाग में कई चीज़ें अपनी बनानी होती हैं
तिनका-तिनका जोड़, जिंदगी संवारनी होती है
तुम्हारा क्या है, बिना कोई अलार्म दिए आती हो
झट से सब तबाह किये जाती हो।

गर आदमी साथ में अपने कुछ ऊपर ले जा नहीं सकता
तो एक मेमो दुनियावालों के लिए पास कर दो
खाओ, पियो, और उडाओ, ये बना दो जिंदगी जीने के उसूल
हर आदमी यहाँ बचाने के चक्कर में हर रोज मरता है
कोई थोडा कम तो कोई थोडा ज्यादा

शरीर ही साथ ले जा सकती हो तुम
यादें, आभास, आहट ये शब्द यहीं रहते हैं
हर पल सीने में दफ़न उस चेहरे को तुम
कभी मिटा नहीं सकती,
तुम सिर्फ एक मौत हो, मौत   
ले ही जा सकती हो, छीन लेती हो
वापस नहीं ला सकती, सिर्फ उजाड़ सकती हो
नफरत है मुझे तुमसे, तुम जैसी हर उस चीज़ से
जो किसी का जीवन ले लेती है,
है हिम्मत तो कभी जिंदगी के साथ बैठो
हंसो, खेलो, खिलखिलाओ, और बिना किसी के प्राण ले वापस चले जाओ ।

Friday, July 20, 2012

ऐसा क्यों कर रहे हो तुम?

ऐसा  क्यों कर रहे हो तुम?

तुम्हें पता है कि मैं हर रोज बच्चे को स्कूल छोड़ के आती हूँ,
पाईप निकालती हूँ,
और दिल्ली जैसे शहर में,
जहाँ पानी की मुश्किल है
झमाझम बरसा देती हूँ पानी
उन हरे पौधों में, जो मैंने बरसों पहले लगाये थे।

हर रोज बे-नागा मैं फिल्टर चलाती हूँ,
पर पानी बर्बाद नहीं करती,
बचा के रखती हूँ उसके बर्बाद हुए पानी को,
जमा करती हूँ कि कहीं इसकी फिर से जरूरत पड़ जाए
मैं तुम्हारे दिए हुए हवा, पानी जैसे उपहारों की कीमत पहचानती हूँ ।


प्रकृति के उपहारों का बहुत क़र्ज़ है हम पर,
हम सांस भी तुम्हारे ही कारण ले पाते हैं प्रभु,
तुम बिना किसी विभाजन के सबको
बराबर बांटते हो अपनी नेमतें,
और तब ही हम जी पातें हैं यहाँ ।


बड़ी मुश्किल में हूँ मैं
जब अल सुबह देखती हूँ कि चिड़िया, तोते, कौवे
अपनी छोटी-सी चोंच से सारा पानी गटकते हैं
बालकोनी में चलते नल के नीचे
नहाते हैं कुछ बूँदों की फुहारों में,  
पर दिन चढ़ते ये हवा में उड़ते पंछी
चोंच खोले तुम्हारे ठंडे झोकों के लिए तरसते हैं
मैं भी दिन भर बाहर जा उन बर्तनों में ठंडा पानी नहीं भर सकती।


प्लीज, इन्साफ करो तो थोडा ढंग का,
हम सब तो पंखे कूलर, और एसी के अन्दर
रहते हैं, अपने जीवन की गाड़ी खींचते हैं,
पर इन बेजुबानों का मर्म तुम तो समझते ही नहीं,
ना ही बरसात कर रहे हो, न ही ठंडे हवा के झोंके बहाते हो ।


मुझे पता है, नाइंसाफी तुम्हारे साथ भी हो रही है,
तुम्हारा वातावरण हम ही बर्बाद कर रहे हैं,
 पर देखो न, प्रतिस्पर्धा तो बढती रहेगी
कुछ न कुछ तो बर्बाद होता ही जायेगा,
पर तुम्हारी झोली तो बहुत-ही बड़ी है,
कुछ भी खत्म नहीं होता वहां
हर आदमी आगे बढेगा, आसमान छूएगा
तुम फिर आसमान भी ऊँचा कर लोगे क्या?


मेरे बच्चे के साथ मैं हूँ,
वो जो कहेगा मैं लाने की कोशिश करूंगी
पर छोटी बछिया, बिल्ली के बच्चे, दौड़ते पिल्ले 
अपनी माताओं से कैसे मांगेंगे जल  
इतनी गर्मी में तो, कई अपने प्राण त्यागेंगे
थोडा रहम, थोड़ी गुज़ारिश मेरे दाता
जुलाई का महीना जा रहा,
इतना करम करो, इन मेघों को कुछ दिन खुलके बरसने दो,
नहीं तो आने वाले दिन और भारी होंगे, न पानी होगा न अनाज
फिर क्या तुम बहुत खुश होगे, सबको तिल-तिल तडपता देख,
सिर्फ हमारा ही नहीं, धरती मैया का भी ख्याल रखो
कहीं उसका सीना फट न जाये,
हम सब तो हो जायेंगे उसमें दफ़न,
फिर तुम बरसना सीना फाड़ के भी,
कोई नहीं होगा दुनिया में तब
जो तुम्हारे पानी में छप-छप करेगा,
न कोई कश्ती चलेगी, न दिल बाग़-बाग़ होगा,
बरसाओ प्रभु अब तो जम के पानी,
नहीं तो हो जायेगा सब सून,
कुछ दिन तो बरसे ये बादल
तब नाचे मन का मयूर ।।

Monday, May 14, 2012

मेरी माँ 

मेरी आंखें तुम्हारी  जैसी हैं,
कभी-कभी मेरी बातें तुम्हारी जैसीं हैं,
तुम हो हमसब का जीवन स्तम्भ,
तभी तो तुम्हारी पहचान भगवान जैसी है।

पहले बंधे होते हैं हम तुमसे नाड़ी से, 
फिर हमारी नसों में तुम्हारा ही खून बहता है,
तुम्हारा प्यार, दुलार हमें सीचंता है,
और तितली की तरह हम यहाँ -वहां उड़ने लगते हैं ।

तुम्हारे प्यार की कोई परिभाषा नहीं, कोई अर्थ  नहीं,
ये तो बस एक दरिया है, जो बहता ही रहता है,
कैसे समझाए कोई इस एहसास को,
जनम से हर कोई इसमें बहता रहता है।

मुझमे तुम बसी हो, और बसें हैं तुम्हारे प्राण,
मेरे हर कतरे पर  अनमिट तुम्हारा  नाम,
दिखा नहीं सकती कभी, तुम्हे अपना ये सर्वस्व,
हर पल  तेरे जीवन को 'माँ' मेरा प्रणाम.......