Tuesday, January 29, 2013

शाहरुख़, शाहरुख़ और सिर्फ शाहरुख़!!!

शाहरुख़, शाहरुख़ और सिर्फ शाहरुख़!!!
मैं ये बात हमेशा खुलेआम कहतीं हूँ कि शाहरुख़ जैसा कोई नहीं। जो लोग शाहरुख़ को कम्युनल बताते हैं, उन्हें अपनी  इस  कारगुजारी पर शर्मिंदा होना चाहिए। शाहरुख़ एक बेहद तमीजदार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति हैं। हाल ही के घटनाक्रमों में पाकिस्तान ने उनके साथ जरूरत से ज्यादा सेंसिटिविटी दिखाने का ढोंग किया है, पर इस देश को पहले अपने गिरबान में झांकना चाहिए। ये जितने भी लोग वहां गरीबी और गैर भारतीयता (Anti-Indian) के चक्कर में पड़कर आतंकवादी बनते हैं, उन्हें पहले बसाने की कोशिश  करनी चाहिए। जिस देश में आये दिन मार-काट होती रहती है, वो शाहरुख़ को  क्या सुरक्षा प्रदान करेगा? हमारे इस अभिनेता को एक आम नागरिक की तरह अपने विचार रखने का हक है। अगर उनके इस बयान की इतनी ही नुक्ताचीनी करनी है तो समाजवादी आज़म को कट्टर इस्लामी विचारधारा वाले लोग क्यों नहीं पकड़ते, जो ताजमहल को गिराने के लिए उन्मादी भीड़ का सरदार बनने की ख्वाहिश रखतें हैं। ताज और शाहरुख़ दो अलग-अलग चीज़ें हैं पर दोनों रोमांस का आइना है। गौरी से ब्याह करके शाहरुख़ ने अपनी खुली मानसिकता का परिचय दिया और वो अन्य अभिनेताओं की तरह नहीं हैं जो 2-3 ब्याह रचते हैं, वे एक पत्नी परिवार के पक्षधर हैं और अपनी पत्नी को ससम्मान रखतें भी हैं। इस्लाम का निर्वहन करते हुए भी उन्होंने कभी इसकी छूट का फायदा नहीं उठाया। ये उनका USP है। किसी भी व्यक्ति के जीवन में बिन बुलाये मेहमान की तरह कई मुश्किलें आ सकतीं हैं और अगर उन्होंने अपनी इस मुश्किलों का जिक्र भी किया तो क्या बुरा किया, वैसे किसी ने सही ही कहा है" बात निकलेगी तो दूर तलक़ जाएगी". शब्दों के चक्कर में पड़कर भावनाओं का फालूदा बनाने में समझदारी नहीं है।
  

Wednesday, January 16, 2013

स्वर्ग का सफ़र

स्वर्ग का सफ़र

बहुत दिनों से सोच रही  थी कि एक लम्बे सफ़र पर निकलूँ,  बहुत सोचा कि कहाँ कि यात्रा की जाये, कोई ख़ास जगह दिमाग में नहीं आ रही थी, तो सोचा स्वर्ग का सफ़र क्यों न कर आऊँ! ज्यादा खर्चा भी नहीं होगा, और मनपसंद लोगों से मुलाक़ात भी हो जाएगी। आँखें भी बंद नहीं की मैंने और सफ़र की शुरुआत भी हो गयी। मजे की बात यह रही कि पूरे सफ़र में मुझे कहीं चलना भी नही पड़ा, बस इधर से उधर घूम लिए।

 मुझे मॉरिशस के नाम पर कुछ हमेशा से ही हो जाता था, तो पहले यही से यात्रा शुरू की। नीला पानी कितना रोमांटिक होता है, मदहोश कर देने वाला। अरे वहां पहुँच के लम्बे-लम्बे पाइन के पेड देखे, बस मन किया कि इन पर चढ़ जाऊं और फिर कहीं खजूर की तरह अटक जाऊं, पर भाई लम्बी यात्रा पर निकली थी, तो अटकना संभव नहीं था, तो पेड पकड़कर थोड़ी देर चक्कर काटती रही, थोडा-थोडा mary go round की तरह। आम जिंदगी में भी मैं जहाँ कभी सुन-सांन जगह देखती हूँ तो, बड़े से पेड का मोटा तन पकड़कर झट से एक चक्कर काट ही लेती हूँ, बड़ा मजा आता है। घूमती रही और कुछ पुराने गीत गुनगुनाती रही, कसम से बड़ा मजा आया, शायद आप  भी समय निकल कर ऐसा जरूर करते होंगे।पहले जब मैं छोटी थी और रस्ते में जाते किसी लड़के को गाने गाते हुए देखती थी तो बड़ा गुस्सा आता, कि कितना निर्लज्ज है, शर्म भी नहीं आती इसे, पर किसी एक दिन एक्सपेरिमेंटल मैंने भी एक रास्ता गाते हुए तय किया, तब से अनायास ही गानों के बोल फूटने लगते हैं मुंह से । नीला पानी और छप-छप  न करू ऐसा हो ही नहीं सकता, पेंट के पोंचे ऊपर किये और पैरों को गीला होने की आज़ादी दे दी। मॉरिशस में बहुत सारे भारतीय रहते हैं इतना पता था अलग-अलग बोली बोलने वाला भारतीय, बस उन्हें गले लगा कर मिलती रही और उनकी ख़ैर-ख्वाह पूछती रही, ज्यादा तो भोजपुरी बोलनी नहीं आती बस फिर भी जितनी 'नीर' से सीखी थी उतनी तो बोली थी, का हो भय्या कैसन बनी, अपन सुनाईं, वगैरह-वगैरह। एक pickle ग्रुप था उनसे अपने पति का एक पसंदीदा गाना सुना' कहे के तो सब कोई आपन, आपन कहावे बाल को बा। सुनके आँखें भर आई। थोडा गाया, हुडदंगी की और आगे रास्ता नाप लिया। वहां की मिट्टी में कुछ ख़ास बात थी पर आगे भी दुनिया घूमनी थी।

अरे पैसे लगने नहीं थे, तो निकल पड़ी स्विट्ज़रलैंड देखने, कुकी बुआ और मन्ना से सुना था, कि नायाब प्रकृति है, उसे संभाल के भी तरीके से रखा गया है।  क्या बताऊँ बहन, लाल, गुलाबी, पीले पत्तों से पटा देश जैसे भगवान ने खुद फोटो- शॉप किया हो, अरे आँखों को आराम नहीं, सोचूँ कि  बर्फ से ढका पहाड़ देखूं, पता नहीं इतने लम्बे आकार के लिए ऐसे मखमली रजाई कैसे बनायीं होगी, थोडा रजाई हटा के चेहरा देखने का मन किया और कहूं लूकू ....लूकी। छोटा प्रसन्न याद आ रहा था, जब उसके साथ मैं ये खेल खेलती थी।  थोड़ी स्की की, फिर गिरते-पड़ते बेस पे आ गयी। खाने को ज्यादा कुछ नहीं था मेरे लिए, शुद्ध शाकाहारी हूँ न, तो पेड़ों से सेव तोड लिए, खाते हुए रस्ते पे चल दी। आलिंगन करते पेड़ों को देख कर अकेले ही गाने लगी नीला आसमां सो गया। अमिताभ याद आ गए, काश मैं उनकी हीरोइन होती! उनकी आँखों में चुलबुलापन है। एक-दो घड़ियाँ खरीदीं वहां से, एक अपने पापा के लिए, क्योंकि उन्होंने ही मुझे मेरी पहली घडी दी थी सितम्बर 4, 1992 को जब वो धनबाद से एक इंस्पेक्शन से वापिस आये थे। आप सोच  रहे होंगे मैं फेंक रही हूँ, पर विश्वास कीजिये मैंने आज भी वो तारीख अपनी ख़ास डायरी/ नोट बुक  में नोट की है, यह नोट बुक वह थी जो प्रतियोगिता दर्पण में इयरली कैलेंडर के बतौर पाठकों को मिलती थी।  आज वो दिन था जब अपने पापा को मैं घड़ियों के देश से एक घडी ले  के दे रही थी, मुझे मिली थी टाइटन विस्टा, राउंड शेप, और मैं दे रही थी .... फर्क सिर्फ समय का था,   उन्होंने अपने सब बच्चों मैं सबसे पहली घडी मुझे खरीद के दी और मैंने आज कई साल बाद उन्हें। प्यार दोनों कलाइयों  में बंधा था। अपने घर के बच्चों प्रसी, हार्दिक, वासु, मिष्टी, कृष्णा, दिवा इन सब के लिए मैंने खूब सारी  चोकलेट ले ली और लम्बे से थैले में डाल ली।  दुनिया को मिल्क चोकलेट देने वाला पहला देश यही है और यहाँ दुनिया की सबसे बेहतरीन चोकलेट मिलतीं हैं तो अपने बच्चों के लिए ये तो ले जाना लाज़मी था।

ऐल्प्स की वादियों में बसा ये देश अपनी इम्ब्रोइडरी के लिए बहुत प्रसिद्ध है, सो खरीद ली 2 शाल मैंने वहां से, स्विट्ज़रलैंड भी भारत की तरह गांवों में बसता है, यहाँ किसानों को बड़े आराम से देखा जा सकता है, जैसे भारत के खेतों-खलिहानों में दंत कथाएँ कह के लोग अपना टाइम पास कर लेते हैं, वैसे ही यहाँ 'योडलिंग' करके दिन कटा जाता है। योडलिंग वह  है जो किशोर कुमार हमारे वहां के गानों में करते थे, Oh-di-lay-ee-ay, di-lay-dee-oh, de-lay-ee  मस्त गातें है स्विट्ज़ वासी। थोडा टाइम था और जाना बहुत दूर-दूर था, तो बस 1-2 उम्दा वाइन की बोतलें ले लीं अपने खास लोगों को गिफ्ट करने के लिए। आगे का रास्ता काफी लम्बा था तो ज्यादा सामान नहीं ढ़ो सकती थी। थैली समेटी और निकल पड़ी आगे के सफ़र पर।

एक और देश जो मुझे बेहद आकर्षित करता है वह है पुर्तगाल, ये वही देश है जिसने भारत सुदूर दक्षिण में राज किया था। गोवा में पुर्तगालियों का शासन रहा, वैसे तो मैं गोवा भी नहीं गयी हूँ पर मेरे दो दोस्त वहां के हैं खालिस गोअन। वे जब मेरे घर में आये थे, तो उनके हाथ से मेरे सिन्दूर का डिब्बा गिर गया था, उन्होंने उसे रंग का डिब्बा समझ लिया था, और खेद प्रकट करते हुए कहा था, सॉरी आपकी अलमारी में रखा लाल रंग का डिब्बा हमसे गिर गया, और हमने वो पाउडर उठा के कूड़ेदान में डाल दिया है, मैं हंस पड़ी कि ये लोग नादान हैं इस डिब्बे की कीमत इन्हें क्या मालूम ? बहरहाल स्विट्ज़रलैंड से दक्षिण की और मुड़ी तो पुर्तगाल पहुँच गयी। स्वास्थ्य, विकास के हिसाब से ये बड़ा ही विकसित और व्यवस्थित देश है। वहां पहुँच के मुझे लगा की मैं भारत की वास्को-डी-गामा  हूँ, इन साहब ने भारत के मसाले वर्षों पहले यूरोप के देशों में पहुंचाए थे और आज मैं वहां मसालेदार चाय पीने पहुँच गयी थी। NRI मसाले भी देख के जरूर खुश हो रहे होंगे कि चलो, किसी भारतीय के गले में जा रहे हैं।
बचपन में 1 राइम गाते थे
Vasco di gama, went on a drama.............. :) हा हा हा हा
जैसे की पहले  भी लिखा था कि मैं विशुद्ध शाकाहारी हूँ, पर मछलियाँ देख के रखने का शौक भी है सो यहाँ से और उम्दा जगह और क्या हो सकती थी ताज़ी मछलियाँ पकड़ने के लिए। कहतें हैं कि यहाँ 100 से भी ज्यादा प्रकार की फ्रेश वाटर मछलियाँ मिलती हैं। सो कुछ रख ली इना, मीना,टीना नाम की मच्छी लोगों को गिफ्ट करने के वास्ते एक्वेरियम में रखने के लिए ।  भूख भी तेज़ी से हिलोरे मार रही थी पेट के अन्दर पर समझ भी नहीं आ रहा था, यहाँ तो हर जगह बीफ, चिकन पोर्क यही मिल रहा था। राह चलते किसी सज्जन से मैंने पूछा तो उन्होंने मुझे कहा अरे आपको नहीं ,मालूम यहाँ की पेस्ट्रीज दुनिया की बेहतरीन होती है, फिर क्या था पहुँच गयी पेस्ट्री शॉप और अपने दांतों की परवाह किये बिना एक के बाद 2,3,4 हज़म कर गयी इन मुई पेस्ट्रीज को, कमबख्त बहुत मीठी होती है, कोई बीकानेर की भुजिया तो दे दो।  चल पड़ी इस देश के गानों को सुनने, बेगाने देश में कोई मुझे कविता कृष्णामूर्ति और एस.पी.बालासुब्रमनियम सुना दे, तरस रहे थे कान मेरे। मैंने सुना था की यहाँ हमेशा ही संगीतोत्सव चलता ही रहता है, तो थोड़ी तसल्ली तो थी कि कुछ तो अच्छा सुनने को मिल ही जायेगा। तो तसल्लीबख्स पियानो सुना। वैसे तो पियानो मैंने मॉल में ही सुन रखा था, पर लाइव ऑडियंस के बीच सुनने का मजा निराला था   

अपने पसंदीदा देशों में घूमने के बाद किसी ऐसी जगह की तलाश में थी, जहाँ कुछ अपनों के दर्शन हो जाते। एक सुनहरी सीढ़ी मुझे थोड़ी दूरी पर मिली, जिसके पायदान चाँदी के थे, हौले-हौले हिलते हुए यह  बेहद संगीतात्मक लग रही थी। मुझे थोड़ी हैरानी हुई कि विकसित देशों में भी लोग ऐसी पारंपरिक सीढियों से काम चला लेते हैं, यहाँ तो ऐसे हर जगह लिफ्ट ही लिफ्ट दिखाई देती है। सामान कम था तो लगा कि इस सीढ़ी पर चढ़ा जा सकता है। अपना पिट्ठू संभाला और जूतों के लेस कस के बांध लिए, पता चले कि चदते हुए जूते ढीले हो और नीचे गिर जाएं।  बस सीढ़ी के बगल में पहुंची ही थी, कि सीढ़ी मेरी सीध में आकर रुक गयी और मैं ये देख कर अवाक् रह गयी कि हिलती हुई यह सीढ़ी मेरे पास क्यों और कैसे दोनों बाहें फैलाये खडी है? बस क्या था मैं चढ़ गयी दोनों हाथों का सहारा लेते हुए। जैसे एलीवेटर में हम खड़े रहतें हैं और ऊपर/नीचे की और बढ़ते रहतें हैं, उसी तरह यह सीढी भी बढती जा रही थी, एक एलीवेटर की ही तरह। सोने का पालना तो सुना था पर सोने की सीढ़ी नहीं। आज इस बात के भी मजे ले रही मैं। देखते ही देखते  लगा किसी स्वप्नलोक पहुँच रहीं हूँ, गुलाबी हलके फाहों को उँगलियों के पोरों से उड़ाते हलके नीले समतल-सी जगह को छू ही रही थी कि  अचानक  बढ़ चली एक अनाम सी दुनिया में। मन में ड़र भी था और उत्साह भी कि पता  नहीं कहाँ जा रहीं हूँ मैं, पर आनंद की अनुभूति जरूर थी। पता नहीं मेरी एक आँख भी फड़क रही थी पर खून का उबाल भी जोरों पर था। सीढ़ी रुक गयी और और एक अनजान-सा मुस्कुराता चेहरा मुझे आगे बढ़कर रिसीव करने के लिए खड़ा था, लग रहा था कि कभी इन्हें कहीं देखा है पर अपना ये स्वागत देख कर मुझे एक ही  एहसास हो रहा था कि आज मैं अपने हीरो शाहरुख़ से कमतर नहीं हूँ, जिसके इंतज़ार में  कुछ लोग खड़ें हैं। मोतियों के हार के साथ मेरा स्वागत हुआ पर मैं अभी भी सन्न थी। ओह ओ, आप भी सोच नहीं सकते वहां कौन खड़ा था, हलके स्याह रंग में एक लम्बा छह फुटिया, थोड़े घुंघराले बालों वाला एक हसीन-सा मेरी ही उम्र का एक नौजवान हाथ में सिगार लिए बैठा था, मैं थोड़ी ही दूरी पर थी उसके, पर 'हाय'/ Hi की मुद्रा में उसने मुझे कहा 'अलख निरंजन' लगा काटो तो खून नहीं, और अब उसके आगे-पीछे एक-दो सांप घूम रहे थे, मुझे ये प्राणी बेहद नापसंद है और अब मैं बस ड़र गयी, सामने बैठे इस आदमी ने बड़े ही सहज भाव से कहा 'डरो नहीं प्रिये'  और उन दोनों को पकड़कर अपनी शर्ट की जेब में डाल लिया और हाथ उठा कर मुझे पास आकर बैठने का आमंत्रण दिया। मैं चुप थी, सकपकायी हुई थी, हैरान थी साथ ही साथ निःशब्द भी थी। मेरे आसन में बैठते ही मंत्रमुग्ध कर देने आदमी ने कहा, शिप्रा, मैं हूँ शिव, तुम्हारा शिव!!!!!!!!!! इंग्लिश में कहूं तो Oh My God! और हिंदी में मेरी बोलती बंद!!!!!!!    


swarg ka safar


Monday, December 31, 2012

नया वर्ष 2013


  शाम ढल रही है 
यादों का दीया जल उठेगा,
धीमी लो के साथ धीमे-धीमे,
अपना प्रकाश बढायेगा।

सफ़र हमारी यादों का
एक और साल आगे बढ़ जायेगा
कई रिश्ते जुड़ गए, कई दूर आकाश में चले गए,
पर हर रिश्ते के साथ एक याद जुड़ गयी।









आने वाला है एक नया वर्ष
नया जीवन, नया उत्साह लेकर,
नयी उत्तेजना है मन में,
क्या है उसके आँचल में?
फूल ही फूल गिरे सबके आँगन में,
और अपार खुशियाँ रहे सबके दामन में,
चुने हम सब अब अपनी जिम्मेदारी,
करें आने वाले कल की तैयारी,
हर दिन अब सबके जीवन मे शुभ हो,
नव वर्ष-13 में अब सिर्फ हर्ष हो ...
आप सभी  को नव वर्ष 2013 की
हर्षमय और मंगलमय शुभकामनाएं ....  

Saturday, December 29, 2012

मेरा चीरहरण

मेरा चीरहरण 

कान्हा तुम कहाँ थे,
किस जगह से देख रहे थे मुझे
या स्वर्ग की बत्ती गुल थी उस दिन !

ये सिर्फ चीरहरण नहीं था हरि,
हरण था मेरे मान का, सम्मान का
इस दुनिया में भेजने वाले भगवान का,
क्या तुम भी राजनीति करते हो,
कि जिस के आशीर्वाद से मैं पैदा हुई,
क्या बचाने की जिम्मेदारी भी उसे ही लेनी थी?

नाम सुना था तुम्हारा द्रौपदी को बचाने में,
मेरी बारी कहाँ थे स्वामी,
पर भूल जाती हूँ मैं,
वो तुम्हीं थे, जो गोपिकाओं के वस्त्र चुराते थे
कैसे उम्मीद रखूँ तुमसे बिहारी
कि तुम आते औ' मुझे बचाते
काश! अपनी थोड़ी शक्ति मेरे मित्र में डाल देते
या ऐसी सुनसान सड़क में प्रकट हो जाते चुपके से,
करते प्रयोग सुदर्शन का,
या बचा लेते मेरा चीरहरण।

सही में तुम लोग बस
ऊपर बैठके बंशी बजाओ
समय रहते भी अपनी लीला
कभी न दिखाओ,
पर आ गयीं हूँ अब मैं तुम्हारे आस-पास,
कैसे चुराओगे नज़रें, कैसे दोगे झूठा विश्वास,
माता-पिता, भाइयों को मेरे थोड़ी सांत्वना दो,
चुप कराओ उनकी कराहती साँसों को,
जनता के बीच उठते उफान को,
सुनो विनती मेरी गिरधारी,
कई लोग अभी भी हैं शरणांगत तुम्हारी !             

Thursday, December 20, 2012

कुछ ख़ास दोस्तों के नाम: फ्लैशबैक

कुछ ख़ास दोस्तों के नाम: फ्लैशबैक

दिन ढलता है और निकलते है हम अपने छत्ते से,
पूरे दिन की घटना और बहुत सारी गपशप,
पल्लू  में बांध लातें हैं
औ' सर पर पांव रख भाग के आते हैं पार्क में,
और फिर खोल देते हैं जीवन का पिटारा।

अपनी कहानी, अपनी जुबानी रोज कहतें हैं,
रोते हैं, हँसते हैं, गपियाते  हैं
अपनी कहानी सुनांने को रोज तरसते हैं

बच्चों की आड़ में,
निकल पड़ते हैं हरदिन,
एक-दूसरे से मिलने के लिए,
गुदगुदाता-सा रिश्ता है हमारा,
नाम है इसका दोस्ती।
 
रेशम का नाजुक, और बसंत-सा रंगीन,
मेरा, तुम्हारा, हम सबका मिजाज़,
हरा हो जाता है एक-दूसरे के खिले चेहरे देख कर,
जैसे हवा के झोंके ने छू लिया हो अधखुली
गुलाब की कलियों को,
इठलाते हुए अपने कहकहों के बीच,
गुम हो जाते हैं जैसे भोंरा छुपा हो कलियों के बीच।

कभी बेस्ट चीज़ों की बातों पे हंसना,
कभी कहना हां सुन, कभी अरे, तो
कभी चेहरे के तेज के हंसगुल्ले उड़ाना,
हमारी मिस ब्यूटीक्विन को निहारना,
सबब है हमारे साथ रहने का।








जा के सबके घरों में, घंटों चाय पे बिताना,
 चुस्कियां लेके बातों के मजे लेना,
सालता है आज मुझको न होने पे ये,
सर्द मौसम ने चुरा ली है, हमारी मुस्कुराहटें
हमारी चुहलबाजियों पर बिछ गयी है कोहरे-सी परत,
स्वेटर के फंदों-से जुडें हैं हम इस जिंदगी में,
एक-एक खुले तो उधड़ जाएगा पूरा ताना-बाना,
हमारा घोंसला फिर चुका है निर्जन,
निकलते हैं फिर-से वापस अब पुराने अड्डे पे,
साथ हैं हम, तभी कुछ बात है,
वरना सबका अपना-अपना दाल-भात है,
ठंडे पड़े मौसम में मिलके लगाते हैं आग,
निकलते हैं घर से फिर, चल जल्दी से भाग,
याद आती है मुझको फिर वो सुहानी शाम,
जहाँ बहुत दिनों से मैं फ्लैशबैक पर हूँ ...


कुछ ख़ास दोस्तों के नाम ....

Wednesday, December 19, 2012

बिना तेल के भोजन

बिना तेल के भोजन 

आज एक नए टॉपिक पर बात करूंगी। यह काम मैं काफी दिनों से कर रहीं हूँ और चाहूंगी कि  आप भी अपने जीवन में अपना के देखें। आप अपने खान-पान में कितना नियंत्रण रखते हैं? आपका खाना आपके जीवन में गहरा प्रभाव डालता है आप जैसा खाते हैं, वैसे ही दीखते हैं।
अपने शरीर को स्वस्थ्य रखने के लिए मैंने हमारे जीवन से पाम ( Palm Oil) जिसे हम आम भाषा में  रिफाइन कहतें हैं त्याग दिया है। क्या आपने कभी अपने  रिफाइन तेल रखने वाले डिब्बे को देखा है, अगर उस डिब्बे के बाहर एक बूँद भी ज़म जाती है तो सूख कर वह चिपचिपी और सफ़ेद हो जाती है। जिसे साफ़ करने के लिए हमें गरम पानी की जरूरत होती है। सोचिये, ऐसी कितनी ही बूँदें मिलकर हमारे हृदय की आस-पास की धमनियों में जमी होंगी, जो आने वाले दिनों में हमें परेशानी का सबब दे सकती हैं। मैंने 5 साल पहले एक मौन प्रण लिया था, जो अब लगभग पूरा होने जा रहा है। मैंने सोचा था कि  मैं जब 35 की हो जाऊंगी तब उबला खाना, खाना शुरू कर दूँगी, पर मैंने अब पहले ही शुरू कर दिया है, जो मेरे लिए एक जीत है, मेरे अपने से लिए प्रण से ...

मैंने खाने में तेल डालना ही बंद कर दिया है और खासकर सब्जी बनाने और दाल छोंकने के समय। कैसी भी सब्जी और दाल बिना रिफाइन के बनायी जा सकती है और उतनी ही सुस्वादु ... हम सब जानते हैं कि  सब्जी में बिना प्याज़, लहसुन, हरी मिर्च और अदरक के स्वाद अधूरा लगता है तो क्यों न इन सब को डाला जाये और सब पहले जैसा ही बना लिए जाये। आपको जानकर आश्चर्य होगा की प्याज़ भूनने के अलावा भी एक और तरीके से पक सकता है। इसके लिए पहले बर्तन गरम कर लें, गैस/ स्टोव में  कम आंच में बर्तन रख कर बिना तेल डाले जीरा, हींग, अजवाईन गरम कर लें और भूरा होने तक भून लें। भुनने की खुशबू से भी पता चल जाता है कि मसाला तैयार है। प्याज़, लहसुन,अदरक, मिर्ची को छोटा-छोटा काट  लें, या कद्दुकश कर लें।बेहतर होगा कि खाना प्रेशर कुकर में ही बनाएं। ये सारी चीज़ें डालकर अच्छे से आपस में मिला लें और थोडा-सा पानी डालकर कुकर में 2-3 सीटी बजने दें। गाढ़ी ग्रेवी/ या ज्यादा तरी के लिए इस सब चीज़ों के साथ थोड़ा दही भी मिला दें और 5-6 सीटी देकर अच्छे-से  पकने दें, फिर ठंडा होने के बाद इन सारी चीज़ों को किसी मथने वाली चीज़ खूब अच्छे से मिला लें। इस तरीके से तैयार हो जाता है किसी भी दाल-सब्जी के लिए मसाला/ग्रेवी।

सब्जी भूनने से उसके पोषक तत्व समाप्त हो जातें हैं, तो बेहतर है उसे उबाल लें और उसका स्टॉक वापस सब्जी में ही डाल लें।

1. फूलगोभी को एक बर्तन में उबाल लें,बरतन में  पानी गरम कर लें, उबलते पानी में गोभी के टुकड़े दाल लें, थोडा नमक भी डालें और ढक  के 2-3 मिनट उबालें, और फिर गैस बंद कर दें। ठंडी होने पर गोभी अलग कर लें   और चाहे तो उसका स्टॉक फिर से काम में ले आयें।
2. टमाटर की ग्रेवी बनानी है, तो छोटे टमाटर काट के सीधे बर्तन में डालें और थोड़ा नमक डाल के उसे गलने दें, फिर जब पक जाये तो अच्छे से मिला लें।
   मैंने अभी भिंडी के साथ किसी भी तरह का प्रयोग नहीं किया है तो खुद एक्सपेरिमेंट कर के इसके बारे में जरूर बताऊंगी। सर्दियों में  कभी-कभी फ्राइड खाना जैसे पकोड़े खाना सबको पसंद है, सो सरसों के तेल में  ही इन्हें बनाये तो बेहतर है।

फैट/वसा हमारे भोजन में एक आवश्यक तत्त्व हैं, जो हमारे शरीर में लुब्रिकेंट का काम करतें हैं और हमारी हड्डियों को फ्लेक्सिब्लिटी देतें हैं, सो इसका होना शरीर के लिए जरूरी है। एक निश्चित मात्रा में घी शरीर को लाभ ले सकता है, सो वसा को पूरी तरीके से छोड़ना भी खतरनाक है। उबला खाना खाएं और स्वस्थ्य रहे।

आपकी प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा रहेगी ....