Monday, September 3, 2012

सीता

सीता

क्यों डरतें हैं लोग सीता के नाम से,
नाजुक, भोली, सलोनी सीता के काम से,
मनमोहिनी, वीरांगना  देवी के भाम से,
समर्पित रही सदा जो प्रेमाभिराम से।

बेटी बनी जनक की, जब धरती की गोद में थी,
पाया दुलार घर का, खुद मात वो जग की थी
खेली वो खंजनो से, ममतामयी थी नारी,
होती रही प्रतिष्ठित हर सुखों की अधिकारी

माता का साथ छोड़ा , पिता की छाँव त्यागी,
थामा जो हाथ राम का, बनी राम की सौभागी
सखियों को पीछे छोड़ा, बहनों के साथ आई,
अपने साथ रघुकुल में सबको जोड़ लायी,
ऐसी हमारी सीता, जो जनकपुर से आई।

सास की प्राणप्यारी, पति राम की थी छाया,
बाबुल का आँगन छोड़ा,मन ससुराल में रमाया
घर-बार, पेड़-पौधे, बस प्राण में निरंतर,
सब में बसी रही वो हर क्षण- प्रत्यंतर।

कोमल सुकुमारी ने पति का हाथ थामा,
महलों का राज छोड़ा, पत्नी का धर्म धारा, 
पीछे न मुड़के देखा, जो आराम का था जीवन,
संग धूल -कंटकों के बांधा था अपना यौवन।

पीछे रही पति के, उनकी ही राह थामी
चलती रही वो ऐसे, जैसे हो अनुगामी,
इतना सरल, संयमित जिसका था ऐसा जीवन
धरती की बेटी सीता, जिसको नमन करें हम

रावण जो छल से हरके, लंका में उनको लाया
रोती रहीं विरह में, मन को कुछ न हर्षाया,
तृणओट में रही वो, जपती रही निरंतर
मन में रहो हमारे, तुम शूरवीर रघुवर।

उनके कठोर तप से, रावण भी था कांपा
अपनी मृत्यु की आहट को उसने भी था भांपा
करता रहा वो दूर से सीता पे अत्याचार
कर लेता काश वो इस कर्म पे विचार।

रावण समेत लंका को राम ने हराया
सीता को फिर से पाया, औ' ह्रदय से लगाया
तुम बिन मैंने हर पल ये, युग-युगांतर से बिताए
मेरे बिना इस लोक में, तुम कैसे रही थी हाय!

फिर से चले वो वापस, अयोध्या के धाम सारे,
संग साथी बंधु- बांधव मिले मात को दुलारे,
हुए आंसुओं से सबके पद पखार प्यारे
मिली मात संग सीता, कितनों के वारे- न्यारे।

ऐसी थी अपनी सीता, जो प्रभु पद में स्वयं रमाया,
देखा न उनके आगे, न अपनी शक्ति को था ध्याया,
चुप-चाप बनके भोली, सलोनी राम की
जीवन बिताया अपना जोड़ी नयनाभिराम-सी। 

।। बोलो रामप्यारी सीता मैया की जय।।

    

Wednesday, August 15, 2012

*मैं तो आज़ाद हूँ *

मैं आज़ाद हूँ धर्म की रूढ़िवादिता से,
मैं आज़ाद हूँ इन रीतियों से, रिवाजों से 
मेरे मन का पंछी उड़ता है,
ऊँचे ख्वाबों के गगन में,
लहराता है अपने सपने,
खुश होता है छोटी-सी मुस्कान पा के,
बताता है अपनी चाहतों की मंजिल,
उनपे चढ़ता है, फिसलता है, उतरता है,
और फिर मंजिल हासिल करता है,
अपनी मुट्ठी में बंद कर के,
आज़ाद हूँ मैं वो सब पाने को,
जो सब मेरा है, मेरे दिल का है...

 तुम भी अपनी आज़ादी पहचानो,
 उड़ो, घूमो, कहकहे लगाओ,
 न करो गुलामी किसी की, न ही किसी सेठ की, न बॉस की 
 सच कहो, सच सुनो,
 आज़ाद रहो हर बंधन से,
 न होगे निराश, न ही कोई आस,
 रखो किसी से कोई ख़ास,
 उड़ पाओगे, अपने घोंसले से जुड़ पाओगे,
  हर बंधन से, 
  सुनो, सीखो और अमल करो,
इंसानियत से, पुरुषार्थ से,
जीवन सफल बनाओ,
फिर आज़ाद हो हरि की शरण में जाओ ।

Thursday, July 26, 2012

मौत

मौत

मौत तुम एक छलावा हो,
सिर्फ कुछ सेकंड में जीवन ले जाती हो
जिंदगी जीने के लिए जीवट चाहिए,
तुम में वो माद्दा ही नहीं

तुम कर जाती हो सबको स्तब्ध,
इंसान से जुड़े लोगों को कर निशब्द,
मृत शरीर को देख रोते-बिलबिलाते कुछ लोग,
अपने पीछे छोड़े जाती हो एक मनहूस सी शांति

 क्या सोचती हो, पता है कितने कर्म करने पड़ते हैं,
 चलते रहना होता है जीने के लिए
बिना थके-हारे साँसों को समेटे,
खुद के लिए, कुछ अपनों के लिए
अपने वजूद को बचाए रखना होता है।

इस भागमभाग में कई चीज़ें अपनी बनानी होती हैं
तिनका-तिनका जोड़, जिंदगी संवारनी होती है
तुम्हारा क्या है, बिना कोई अलार्म दिए आती हो
झट से सब तबाह किये जाती हो।

गर आदमी साथ में अपने कुछ ऊपर ले जा नहीं सकता
तो एक मेमो दुनियावालों के लिए पास कर दो
खाओ, पियो, और उडाओ, ये बना दो जिंदगी जीने के उसूल
हर आदमी यहाँ बचाने के चक्कर में हर रोज मरता है
कोई थोडा कम तो कोई थोडा ज्यादा

शरीर ही साथ ले जा सकती हो तुम
यादें, आभास, आहट ये शब्द यहीं रहते हैं
हर पल सीने में दफ़न उस चेहरे को तुम
कभी मिटा नहीं सकती,
तुम सिर्फ एक मौत हो, मौत   
ले ही जा सकती हो, छीन लेती हो
वापस नहीं ला सकती, सिर्फ उजाड़ सकती हो
नफरत है मुझे तुमसे, तुम जैसी हर उस चीज़ से
जो किसी का जीवन ले लेती है,
है हिम्मत तो कभी जिंदगी के साथ बैठो
हंसो, खेलो, खिलखिलाओ, और बिना किसी के प्राण ले वापस चले जाओ ।

Friday, July 20, 2012

ऐसा क्यों कर रहे हो तुम?

ऐसा  क्यों कर रहे हो तुम?

तुम्हें पता है कि मैं हर रोज बच्चे को स्कूल छोड़ के आती हूँ,
पाईप निकालती हूँ,
और दिल्ली जैसे शहर में,
जहाँ पानी की मुश्किल है
झमाझम बरसा देती हूँ पानी
उन हरे पौधों में, जो मैंने बरसों पहले लगाये थे।

हर रोज बे-नागा मैं फिल्टर चलाती हूँ,
पर पानी बर्बाद नहीं करती,
बचा के रखती हूँ उसके बर्बाद हुए पानी को,
जमा करती हूँ कि कहीं इसकी फिर से जरूरत पड़ जाए
मैं तुम्हारे दिए हुए हवा, पानी जैसे उपहारों की कीमत पहचानती हूँ ।


प्रकृति के उपहारों का बहुत क़र्ज़ है हम पर,
हम सांस भी तुम्हारे ही कारण ले पाते हैं प्रभु,
तुम बिना किसी विभाजन के सबको
बराबर बांटते हो अपनी नेमतें,
और तब ही हम जी पातें हैं यहाँ ।


बड़ी मुश्किल में हूँ मैं
जब अल सुबह देखती हूँ कि चिड़िया, तोते, कौवे
अपनी छोटी-सी चोंच से सारा पानी गटकते हैं
बालकोनी में चलते नल के नीचे
नहाते हैं कुछ बूँदों की फुहारों में,  
पर दिन चढ़ते ये हवा में उड़ते पंछी
चोंच खोले तुम्हारे ठंडे झोकों के लिए तरसते हैं
मैं भी दिन भर बाहर जा उन बर्तनों में ठंडा पानी नहीं भर सकती।


प्लीज, इन्साफ करो तो थोडा ढंग का,
हम सब तो पंखे कूलर, और एसी के अन्दर
रहते हैं, अपने जीवन की गाड़ी खींचते हैं,
पर इन बेजुबानों का मर्म तुम तो समझते ही नहीं,
ना ही बरसात कर रहे हो, न ही ठंडे हवा के झोंके बहाते हो ।


मुझे पता है, नाइंसाफी तुम्हारे साथ भी हो रही है,
तुम्हारा वातावरण हम ही बर्बाद कर रहे हैं,
 पर देखो न, प्रतिस्पर्धा तो बढती रहेगी
कुछ न कुछ तो बर्बाद होता ही जायेगा,
पर तुम्हारी झोली तो बहुत-ही बड़ी है,
कुछ भी खत्म नहीं होता वहां
हर आदमी आगे बढेगा, आसमान छूएगा
तुम फिर आसमान भी ऊँचा कर लोगे क्या?


मेरे बच्चे के साथ मैं हूँ,
वो जो कहेगा मैं लाने की कोशिश करूंगी
पर छोटी बछिया, बिल्ली के बच्चे, दौड़ते पिल्ले 
अपनी माताओं से कैसे मांगेंगे जल  
इतनी गर्मी में तो, कई अपने प्राण त्यागेंगे
थोडा रहम, थोड़ी गुज़ारिश मेरे दाता
जुलाई का महीना जा रहा,
इतना करम करो, इन मेघों को कुछ दिन खुलके बरसने दो,
नहीं तो आने वाले दिन और भारी होंगे, न पानी होगा न अनाज
फिर क्या तुम बहुत खुश होगे, सबको तिल-तिल तडपता देख,
सिर्फ हमारा ही नहीं, धरती मैया का भी ख्याल रखो
कहीं उसका सीना फट न जाये,
हम सब तो हो जायेंगे उसमें दफ़न,
फिर तुम बरसना सीना फाड़ के भी,
कोई नहीं होगा दुनिया में तब
जो तुम्हारे पानी में छप-छप करेगा,
न कोई कश्ती चलेगी, न दिल बाग़-बाग़ होगा,
बरसाओ प्रभु अब तो जम के पानी,
नहीं तो हो जायेगा सब सून,
कुछ दिन तो बरसे ये बादल
तब नाचे मन का मयूर ।।

Monday, May 14, 2012

मेरी माँ 

मेरी आंखें तुम्हारी  जैसी हैं,
कभी-कभी मेरी बातें तुम्हारी जैसीं हैं,
तुम हो हमसब का जीवन स्तम्भ,
तभी तो तुम्हारी पहचान भगवान जैसी है।

पहले बंधे होते हैं हम तुमसे नाड़ी से, 
फिर हमारी नसों में तुम्हारा ही खून बहता है,
तुम्हारा प्यार, दुलार हमें सीचंता है,
और तितली की तरह हम यहाँ -वहां उड़ने लगते हैं ।

तुम्हारे प्यार की कोई परिभाषा नहीं, कोई अर्थ  नहीं,
ये तो बस एक दरिया है, जो बहता ही रहता है,
कैसे समझाए कोई इस एहसास को,
जनम से हर कोई इसमें बहता रहता है।

मुझमे तुम बसी हो, और बसें हैं तुम्हारे प्राण,
मेरे हर कतरे पर  अनमिट तुम्हारा  नाम,
दिखा नहीं सकती कभी, तुम्हे अपना ये सर्वस्व,
हर पल  तेरे जीवन को 'माँ' मेरा प्रणाम....... 

Friday, April 20, 2012

: हैप्पी बर्थडे  वर्षा आंटी  :

 मुझे  याद  है  आपसे  पहली  बार  मिलने  की  बात ,
सुन्दर  मेनिक्योरड  हाथ  और  गुलाबी  सजी उसमें  नेल पॉलिश
बेहत सोफिस्टीस्कैटड था  आपका  अंदाज़ ... 

एक  बेहतखूबसूरत पर्स में से ,
कागज़ -कलम  निकाल,जब आपने नोट  करना शुरू
किया  सबका फ़ोन नंबर,
तब  याद आया कि कई दिनों बाद कोई दिखा है इतना सुव्यवस्थित ,
उम्र  में हमारे लगभग दूने का अंतर ,
फिर  भी हम  बच्चों के बीच  इतनी अवस्थित  !

अपने  उम्र  के  लोगों  में 
आप  सच  में  बहुतअलग लगीं,
आपकी -अपनी  कहानी में मुझे कहीं
थोड़ी  नज़दीकीयां  मिलीं,
जीवन  में  आपके  खुशियों  की   बजती  रहे  घंटी ,
हम  सबकी  तरफ  से  आपको  हैप्पी  बर्थडेVarsha आंटी
 :-)
 

Wednesday, April 18, 2012

अरे, कल ही था !!!!!!!

अरे, कल ही था !!!!!!!

अरे कल ही था जन्मदिन मेरा ,एक साल और बड़ी हो गयी हूँ,कई सारे अच्छे काम करने हैंऔर घटिया काम करने की लिस्ट भी बना ली है
अब एक औरत बन चुकी हूँ मैं,पर बुद्धि से अभी भी हूँ कहीं पैदल,क्या करूँ शरीर और दिमागएक जैसा विकसित नहीं होताकभी बच्चों की तरह रोड परगाते हुए निकल जाती हूँ,किसी फालतू-सी घटिया बात पर,खड़े, कहीं भी कह्कहें लगाती हूँकिसी डरपोक को खुले में समझाती हूँ,कि भगवान की बेटी हूँ मैं ,कभी किसी से डरती नहीं,जो डरते हैं वो काफ़िर होते हैं,और कभी बेटे के पैर हिलाते ही,भूकंप की आहट सोच, मैं नींद में भी डर जाती हूँ
थोड़ी बड़ी तो हो गयी हूँ मैं,अब चीज़ों को, रिश्तों को खोने से डरती हूँऔर जब कभी मेरा काजल न मिले,पूरे घर में हडकंप मचा देती हूँ,अलमारियां टटोल देती हूँ,दीवान को खिसका के तिरछा-सीधा भी कर देती हूँ,उस समय भगवान की इस बेटी पर,खली का भूत आ जाता है,और काजल खोजने के चक्कर में,कई और गुम चीज़ें जादू से ले आती हूँ.
मय्या कहती थी, तू तो न बच्ची ही बने रहना,बड़ी मत होइयो ! अरे मम्मी, बच्चे बने रहने के बड़े सुख हैं,खुशमिजाजी बनी रहती है, और अल्हड़पन जवान रहता है ,बुढ़ापा कभी आता नहीं, उम्र का जोर रहता नहीं,
तुम्हारी ये बेटी जवान से प्रौढ़ होने चली है,जिंदगी की धीमी बहती नाव में बहने चली है,पर आज भी मेहमानों की आहट सुन,बचपन की तरह दो डेग में सारा घर नाप जाती हूँ,दरवाज़ा खोलने की कॉम्पटीशन में आज भी टॉप आती हूँपापा के 'तीले धारो भुला' की धुन में सांकल बजानेका आज भी इंतज़ार करती हूँसास-ससुर के भी घर में आने पे,उनके सारे बंद सूटकेसों का पहले मैं ही सत्यानाश करती हूँमजा आता है बड़ा, बच्चे-सा बने रहने,अपने हर किस्से मैं मम्मी-पापा, भय्या, गुड़िया,तनु, रितु और छोटी गुड़िया के किस्से कह देना,हजारीबाग़ के चक्कर लगाना, और दिन भर थकने के बादबिस्तर में बेटे की 'बहन' बनकर उससे चिपट के सो जाना
हकीक़त में लडकियां बड़ी होती नहीं,थोप देती है ये दुनिया उनपे बड़ा बन जाओ ये चस्पां,बचपन की नादानियाँ और बाबुल का घर याद आते ही,आज भी जी-भर रो लेती हैं, किसी कोने में कहीं, दिल में अपने अपना बचपन छुपाये, जी लेती हैं देखो हर औरत कहीं न कहीं,क्या पके आमों को देख आप भी पुराने दिन याद नहीं करतीं. हम सब के अन्दर एक बच्चा है,जो उम्र के साथ हम भुला देते हैं,लूट, खसोट और बड़ा बनाने की चाहत मेंकई तरकीबें नयी लगाते हैं,पर हम सब को अपने बच्चे पसंद हैं,भोले, निःस्वार्थ और सच्चे,बड़ा बनने का कोई फायदा नहीं,हम तो बच्चे ही अच्छे !!!!!!!!!!!